वालियर13नवंबर2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में कृषि के साथ-साथ पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य पालन का विशेष महत्व है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ उन्नत पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को विशेष बढ़ावा दे रही है। इसी उद्देश्य के तहत आईबीएफ (IVF) पद्धति से उन्नत नस्ल की एक लाख बछिया तैयार कर प्रदेश के किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश देश का नंबर-1 राज्य बन सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ऐतिहासिक ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरकार सांची दूध ब्रांड को भी पूरा प्रोत्साहन दे रही है और गौ संरक्षण के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
सिंगल क्लिक से करोड़ों की राशि अंतरित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना” के अंतर्गत प्रदेशभर के 7 हजार से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 175 करोड़ रुपये और “मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना” के तहत 34 लाख हितग्राहियों के खातों में 207 करोड़ रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की।
कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं मुख्यमंत्री ने कुलैथ क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कई सौगातों की घोषणा की। इनमें कुलैथ स्थित पवित्र जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रुपये की राशि देना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत मेहदपुर में महेश्वरा से आगरा भटपुरा और काली माता मंदिर तक सड़क निर्माण, ग्राम तिलघना में लंका वाले हनुमानजी मंदिर तक सड़क निर्माण, ग्राम सिगौरा में साडा रोड से सिगौरा तक सड़क तथा कुलैथ में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।
स्वच्छता और आधुनिक कृषि में ग्वालियर की सराहना मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के 27 में से मध्य प्रदेश को मिले 9 पुरस्कारों में ग्वालियर की उपलब्धि का जिक्र करते हुए नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिला आधुनिक खेती, फूड प्रोसेसिंग, टिश्यू कल्चर से आलू उत्पादन और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ और उन्नत पशु प्रदर्शनी का अवलोकन सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पारंपरिक कन्हैया लोकगीतों और रोमांचक बैलगाड़ी दौड़ का आनंद लिया। उन्होंने कृषि व पशुपालन पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न जिलों से आए पशुपालकों की देशी और उन्नत नस्ल की गायों, भैंसों (मुर्रा, हरियाणवी, साहीवाल) तथा बकरियों को देखकर किसान बेहद आकर्षित हुए। इस दौरान मक्का से तैयार पौष्टिक साइलेज (चारे) की जानकारी भी साझा की गई।
प्रमुख उपस्थिति इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पशुपालक उपस्थित रहे।





