ग्वालियर13नवंबर2026। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-8 (दीनदयाल नगर) का निरीक्षण कर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था और संपत्तिकर वसूली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर के चौराहों से अवैध होर्डिंग-बैनर तत्काल हटाए जाएं और सड़कों के गड्ढों की पेंच रिपेयरिंग कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।
निगमायुक्त चौधरी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपत्तिकर वसूली के निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा किया जाए और बकायादारों से वसूली में तेजी लाई जाए। इसके बाद उन्होंने महाराजा कॉम्प्लेक्स क्षेत्र का भ्रमण किया, जहां चौराहों पर लगे अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने के आदेश दिए। सड़क पर खुले चेंबर मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल ढक्कन लगवाने को कहा।
अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश महाराजा कॉम्प्लेक्स से दीनदयाल नगर गेट तक मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे देखकर निगमायुक्त ने तत्काल पेंच रिपेयरिंग कराने और मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आदित्यपुरम क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने इंजीनियरों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर तय समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। अंत में उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय के सभागार का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में यह रहे उपस्थित इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद रेखा त्रिपाठी, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री राजू गोयल, महेंद्र अग्रवाल, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, होर्डिंग नोडल अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान और स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





