ग्वालियर: 72 घंटे में पिपरौली के अंधे कत्ल का खुलासा, 20% ब्याज के विवाद में कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या; 4 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर, 16 अक्टूबर 2026 ग्वालियर के थाना झांसी रोड अंतर्गत ग्राम पिपरौली के खेतों में मिले एक युवक के शव के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतक द्वारा 20 प्रतिशत तक का अत्यधिक ब्याज वसूलने से परेशान होकर चार आरोपियों ने मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

14 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि भागीरथ गुर्जर के खेत (पिपरौली) में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना झांसी रोड पुलिस मौके पर पहुँची। मृतक की शिनाख्त पुरुषोत्तम गुर्जर (पुत्र रामहेत गुर्जर, उम्र 35 साल, निवासी छोटी मडईयां केदारपुर, थाना झांसी रोड) के रूप में उसके सगे भाई जितेन्द्र द्वारा की गई।

मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि पुरुषोत्तम की हत्या किसी धारदार हथियार से सिर और गर्दन पर गंभीर प्रहार कर की गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना झांसी रोड में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मर्ग और हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस टीमों का गठन और 72 घंटे में खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/पूर्व) शिवेश सिंह बघेल मौके पर पहुँचे। उन्होंने सीएसपी विश्वविद्यालय रवि भदौरिया के नेतृत्व में 5 विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने लगातार घटनास्थल का मुआयना किया, परिजनों और संदेहियों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अथक प्रयासों से आखिरकार 72 घंटों के भीतर इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश हो गया।

हत्या की वजह और वारदातों का तरीका

जांच में खुलासा हुआ कि मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर ब्याज पर पैसे चलाने का काम करता था। ग्राम छोटी मडईयां के रहने वाले चारों आरोपियों ने उससे लगभग 20 प्रतिशत की भारी-भरकम ब्याज दर पर लाखों रुपये कर्ज ले रखा था। पुरुषोत्तम लगातार ब्याज की वसूली के लिए उन पर दबाव बना रहा था, जिससे तंग आकर आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची।

घटना से तीन दिन पहले सभी आरोपियों ने गाँव के एक चबूतरे पर एकत्र होकर पुरुषोत्तम की हत्या की योजना बनाई थी। संयोगवश, मृतक की पत्नी के भाई की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के कारण उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी।

इसी सूनेपन का फायदा उठाकर 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे, आरोपी रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को घर के बाहर सोते हुए जगाया और ब्याज के पैसों का हिसाब करने तथा लेनदेन का लालच देकर उसे घर के पास ही भागीरथ के खेत में ले गया। वहाँ बातचीत के दौरान अचानक आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और चारों ने बारी-बारी से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

पकड़े गए आरोपीगण

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते इऩ चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:

  1. रमन गुर्जर (पुत्र उत्तम सिंह गुर्जर, उम्र 24 साल)
  2. राधाकृष्ण गुर्जर (पुत्र महताब सिंह गुर्जर, उम्र 30 साल)
  3. छोटू उर्फ राहुल गुर्जर (पुत्र फकीर सिंह गुर्जर, उम्र 23 साल)
  4. विजय उर्फ खैरी गुर्जर (पुत्र बीरासिंह गुर्जर, उम्र 28 साल)(सभी निवासी: छोटी मडईयां केदारपुर, थाना झांसी रोड, ग्वालियर)

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी झांसी रोड निरीक्षक शक्ति सिंह यादव, निरीक्षक अमित शर्मा, उपनिरीक्षक आकाश आर्य, आशीष शर्मा, मोहिनी वर्मा, देवेन्द्र लोधी, विश्ववीर जाट, प्रकाशचन्द्र चौहान, सहायक उपनिरीक्षक राजवीर यादव सहित थाना झांसी रोड और साइबर सेल का पूरा स्टाफ शामिल रहा, जिनकी मेहनत से यह सनसनीखेज मामला सुलझ सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *