ग्वालियर आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: वीरपुर बांध, तिघरा और ढाबों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, 20 प्रकरण दर्ज, 5000 किलो गुड़ लहान किया नष्ट

ग्वालियर22अगस्त2026 जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह तथा परिवहन के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी बल की टीमों ने मुखबिर की सूचना पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश दी।

होटलों, ढाबों और अवैध ठिकानों पर दबिश

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने वीरपुर बांध से 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, निम्बा जी की खो जनकगंज से 28 पाव देशी मदिरा प्लेन व 21 पाव मसाला, बोटी बाला ढाबा (डेली डेलाइट होटल) से 30 पाव देशी प्लेन और तिघरा डैम के पास से 74 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की। वहीं यादव ढाबा से 48 पाव मसाला, 65 पाव प्लेन, 12 कैन 10,000 बियर एवं 18 कैन किंगफिशर बियर बरामद की गई। इसके अलावा डबरा झांसी रोड पर मामा भांजी ढाबा से 11 पाव प्लेन, गाँधी मार्केट बिजलीघर के पास से 5 पाव मसाला, आसमानी ढाबा सिंध नदी पुल से 12 पाव प्लेन, शब्द प्रताप आश्रम के पास एक्टिवा वाहन से 16 पाव प्लेन, लक्ष्मणपुरा से 24 पाव प्लेन, पंजाबी ढाबा से 13 पाव प्लेन, होटल शेर ए चम्बल से 2 पेटी (100 पाव) देशी मदिरा और होटल तान्या से 9 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। बॉबी ढाबा पर मदिरा पान कराने पर धारा 36(a) के तहत कार्रवाई की गई।

5000 किलो गुड़ लहान मौके पर नष्ट

इसके साथ ही दुबहा दुबही कंजर डेरा, चक कटना कंजर डेरा और लाल डांडा में दबिश देकर कुल 32 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा प्लास्टिक के ड्रामों में भरा 5000 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। आबकारी टीम ने मौके पर गुड़ लहान का सैंपल लेकर शेष लहान को फैलाकर नष्ट कराया।

20 प्रकरण दर्ज, 5 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 20 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त देशी मदिरा प्लेन, मसाला, हाथ भट्टी मदिरा एवं नष्ट किए गए गुड़ लहान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 5,11,000 रुपये है।

इस कार्रवाई में ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में परिविक्षाधीन जिला आबकारी अधिकारी तृप्ति सितोले, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार यादव, उमेश कुमार स्वर्णकार, आबकारी उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह मवाई, शिवा रघुवंशी, सतेंद्र सिंह मीणा, रवि सिसोदिया, रोशनी पाटीदार सहित मुख्य आरक्षकों व आरक्षकों के मुख्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। विभाग का कहना है कि अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *