ग्वालियर27जुलाई2026 जयपुर के नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में 25-26 जुलाई को आयोजित अंतरराष्ट्रीय ऑर्थोपेडिक कॉन्फ्रेंस ओएसिस 5.0 (वैज्ञानिक नवाचार और विशेषज्ञता के लिए ऑर्थोपेडिक अकादमी) में गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) के डीन एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने चेयरपर्सन की भूमिका निभाकर ग्वालियर का गौरव बढ़ाया। अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑर्थोपेडिक सर्जन्स के तत्वावधान एवं इप्का के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने आधुनिक ऑर्थोपेडिक तकनीकों पर विचार साझा किए।
जटिल हिप रिप्लेसमेंट और आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन
सम्मेलन के दूसरे दिन आयोजित ‘कॉम्प्लेक्स प्राइमरी एंड रिवीजन टीएचए’ सत्र की अध्यक्षता डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने की, जबकि डॉ. विकास सक्सेना उनके साथ सह-अध्यक्ष रहे। इस दौरान अमेरिका के डॉ. जोहान्स एफ. प्लेट ने रोबोटिक एवं नेविगेशन आधारित हिप रिप्लेसमेंट तकनीकों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। एम्स, नई दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर डॉ. राजेश मल्होत्रा ने जटिल रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया। वहीं डॉ. एडवर्ड जे. मैकफर्सन ने हिप रिप्लेसमेंट की विफलताओं और जॉइंट संक्रमण के प्रबंधन पर अपने अनुभव साझा किए।
ग्वालियर-चंबल अंचल के मरीजों को मिलेगा आधुनिक चिकित्सा का लाभ
डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने कहा कि ऑर्थोपेडिक चिकित्सा क्षेत्र में रोबोटिक सर्जरी, नेविगेशन तकनीक और जटिल हिप-नी रिप्लेसमेंट को लेकर तेजी से नए नवाचार हो रहे हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से नई तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों को गहराई से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों का लाभ ग्वालियर-चंबल अंचल के मरीजों तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों का रुख न करना पड़े।





