डबरा। 20 मार्च 2026 डबरा सिटी पुलिस ने वाहन चोरी के पुराने मामलों में सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 साल पहले चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए आरोपी ने डबरा देहात क्षेत्र में भी दो अन्य वाहन चोरियां करना स्वीकार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी थाना प्रभारी डबरा सिटी संजय शर्मा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सहराई पुल के पास सर्विस रोड पर संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी अंशू उर्फ मुकेश सेन (32 वर्ष), निवासी जवाहर कॉलोनी डबरा (हाल निवासी बड़ौनी, दतिया) को हिरासत में लिया।
2022 में हुई थी चोरी
थाना प्रभारी डबरा सिटी संजय शर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल करीब 4 साल पहले डबरा की रामगढ़ सब्जी मंडी से चोरी की थी। उल्लेखनीय है कि 7 जून 2022 को फरियादी दीपक कुशवाह ने इस संबंध में थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को अपराध क्रमांक 516/22 धारा 379 भादवि के तहत गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
अन्य वारदातों का खुलासा आरोपी अंशू सेन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, उसके खिलाफ थाना डबरा सिटी में पहले से ही चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने डबरा देहात क्षेत्र से भी दो अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है। अब डबरा देहात पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य वाहनों की बरामदगी के प्रयास करेगी।
सराहनीय भूमिका इस कार्यवाही में थाना प्रभारी संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक शिवशान्त पाण्डेय, दिनेश सिंह, आरक्षक शिवम पाल और सत्यम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





