ग्वालियर19मार्च2026। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध कमलाराजा अस्पताल (केआरएच) के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट्स के लिए गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत डॉक्टरों को विभागीय कार्यप्रणाली से परिचित कराना और मरीजों के प्रति सेवा व संवेदनशीलता का भाव जागृत करना था।
डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने कहा: “मैं आपका फर्स्ट गार्जियन हूँ” कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने नए रेजिडेंट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ पढ़ाई करें और संस्थान का नाम रोशन करें। उन्होंने डॉक्टरों को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा, “अधिष्ठाता होने के नाते मैं आपका फर्स्ट गार्जियन (प्रथम अभिभावक) हूँ। किसी भी समस्या या कठिन परिस्थिति में आप सीधे मुझसे संवाद कर सकते हैं।”
मातृ मृत्यु दर को कम करने पर जोर विभागाध्यक्ष डॉ. वृंदा जोशी ने नवागत डॉक्टरों को चिकित्सा पेशे की गरिमा की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा का एक पवित्र माध्यम है। उन्होंने मातृ स्वास्थ्य के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने का आह्वान किया ताकि क्षेत्र में मातृ मृत्यु दर (MMR) में प्रभावी कमी लाई जा सके।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी कार्यक्रम में जेएएच समूह के संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ चिकित्सकों ने रेजिडेंट्स को विभागीय प्रक्रियाओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं जैसे जननी सुरक्षा योजना, लक्ष्य कार्यक्रम और सीएम हेल्पलाइन 181 के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। अंत में एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सीनियर डॉक्टरों ने जूनियर रेजिडेंट्स की शंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया।





