पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम
ग्वालियर, 31 अगस्त 2024।सूर्या रोशनी लिमिटेड, महाराजपुरा यूनिट ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई और प्रेरणादायक पहल की है। कंपनी परिसर में महिला कर्मचारियों के लिए आयोजित मिट्टी के गणपति बनाने की प्रतियोगिता ने न केवल गणेशोत्सव की पारंपरिक आस्था को जीवंत किया, बल्कि पर्यावरण अनुकूल उत्सव मनाने का सशक्त संदेश भी दिया।
इस प्रतियोगिता में 21 महिला कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और प्राकृतिक मिट्टी से गणपति की सुंदर प्रतिमाएं बनाईं। आयोजन का उद्देश्य यह संदेश देना था कि प्लास्टिक और रासायनिक रंगों से बनी मूर्तियों की जगह मिट्टी से निर्मित गणपति अपनाकर पर्यावरण को संरक्षित किया जा सकता है।
सूर्या रोशनी लिमिटेड के पर्यावरणीय प्रयासों को पहले भी सराहना मिल चुकी है। जून 2024 में कंपनी को “पर्यावरण मित्र पुरस्कार” से सम्मानित किया गया था, जो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं प्रदान किया। यह पुरस्कार कंपनी की हरित पहल और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर प्लांट प्रमुख एवं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट तपन कुमार बंधोपाध्याय ने महिला कर्मचारियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ महिला शक्ति को भी रचनात्मक मंच उपलब्ध कराती है।
सीनियर इंजीनियर कु. छिप्रा यदुवंशी, सीनियर अधिकारी (HRD) सृष्टी नामदेव, सीनियर जनरल मैनेजर छविन्दर सिंह और डिप्टी जनरल मैनेजर (HRD) चंद्रशेखर शर्मा ने इस आयोजन को कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी और नवाचार की मिसाल बताया।
कंपनी का मानना है कि उद्योग केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और पर्यावरण के संरक्षण में भी उनकी अहम भूमिका है। सूर्या रोशनी लिमिटेड की यह पहल इस दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।