JA हॉस्पिटल में नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लोगों से 45 लाख रूपये ठगने वाली आरोपी नर्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ग्वालियर, 17 जुलाई2025।जेएएच हॉस्पिटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15 युवाओं से 45 लाख रुपये की ठगी करने वाली फरार महिला आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कम्पू और बहोड़ापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी नर्स ऊषा तिवारी को बहोड़ापुर क्षेत्र से दबोच लिया।

नौकरी दिलाने का झांसा, लाखों की ठगी

शिकायतकर्ता दिनेश पाल, निवासी न्यू बजरंग कॉलोनी, थाना जनकगंज ने थाना कम्पू में आवेदन दिया था कि आरोपी ऊषा तिवारी द्वारा वर्ष 2022-23 में जयारोग्य अस्पताल (JAH) में नौकरी लगाने के नाम पर 15 युवकों से तीन-तीन लाख रुपये, कुल 45 लाख रुपये की ठगी की गई।

पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना कम्पू में अपराध क्रमांक 384/24 धारा 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

झांसी से लौट रही आरोपियो पुलिस के शिकंजे में

तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी झांसी से ग्वालियर आ रही है। इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भापुसे) ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य) श्रीमती सुमन गुर्जर को निर्देश दिए कि कम्पू और बहोड़ापुर थानों की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की जाए।

सीएसपी इंदरगंज श्री रोबिन जैन और सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में गठित टीम ने थाना प्रभारी कम्पू निरीक्षक मदन मोहन मालवीय और थाना प्रभारी बहोड़ापुर निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में आरोपी की घेराबंदी की।

ठगी स्वीकार, नगदी बरामद

बहोड़ापुर क्षेत्र में तैनात टीम ने ऊषा तिवारी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की, जिसमें उसने 15 युवाओं से नौकरी के नाम पर ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से ₹5000 नगद बरामद किए हैं। आरोपी को कम्पू थाने में दर्ज प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।

अन्य मामलों में भी वांछित

गिरफ्तार ऊषा तिवारी के खिलाफ थाना बहोड़ापुर में दो स्थायी वारंट भी लंबित हैं। इन प्रकरणों में भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सक्रिय पुलिस टीम ने निभाई भूमिका

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना कम्पू से: उनि. रूद्र पाठक, सुलेखा कुशवाहा, आरक्षक अजब सिंह, अनुज, इरशाद,
थाना बहोड़ापुर से: उनि. विवेक तोमर, म.आर. प्रियंका मिश्रा, आरक्षक अंकित तोमर, गिर्राज शर्मा,
तथा साइबर सेल से: उनि. रजनी रघुवंशी, आर. आशीष शर्मा, सोनू प्रजापति और देवेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *