भाजपा की मीडिया हेंडबुक में प्रधुम्न सिंह 73 साल के ओबीसी प्रत्याशी !

(जितेंद्र पाठक, ग्वालियर)

ग्वालियर05नवंबर2023। भाजपा के मीडिया प्रबंधन की एक बड़ी चूक सामने आई है। चूक भी ऐसी, जिसे संभवतः भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश नेतृत्व और संभाग -जिला नेतृत्व भी नही पकड सका। और इसे मीडिया में सार्वजनिक रूप से जारी भी कर दिया गया। ये चूक मध्यप्रदेश के उर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर को लेकर हुई है।

दरअसल भाजपा के मीडिया प्रबंधन ने आज प्रदेशभर में एक मीडिया दिग्दर्शिका जारी की है। जिसे विजय संकल्प अभियान 2023 नाम दिया गया है। भाजपा मीडिया सेंटर द्वारा प्रदेश भर में जारी की गई इस मीडिया हेंडबुक में सीएम शिवराज सिंह के संदेश से लेकर भाजपा के संगठन, सरकार, विधायक-सांसदों से लेकर, सरकार की योजनाएं और काफी कुछ शामिल हैं। इसी हैंडबुक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के भाजपा प्रत्याशियों की जानकारी दी गई है।

इन प्रत्याशियों की जानकारी में 15 विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रधुम्न सिंह तोमर की आयु 73 वर्ष और ओबीसी केटेगरी का बताई गई है। ये हेंडबुक जारी होने से पहले भाजपा के दर्जनों जिम्मेदार पदाधिकारी, मीडिया प्रबंधन, शीर्ष नेताओं के सामने से गुजरी होगी, लेकिन इतनी बड़ी चूक पर किसी की नजर नही गई, ये बड़े आश्चर्य का विषय है।

ग्वालियर मेें इस हेंडबुक का सांसद विवेक शेजवलकर ने विमोचन किया, उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश अभिनव प्रयोग के लिए जानी जाती है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश मीडिया विभाग ने विधानसभा चुनाव 2023 की दृष्टि से मीडिया बंधुओ के लिए मीडिया दिग्दिर्शिका विजय संकल्प अभियान 2023 (मीडिया हैंडबुक) तैयार की है। जिसमें पार्टी प्रत्याशियों की जानकारी के साथ भाजपा संगठन की जानकारी और केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों की जानकारी भी समाहित की गयी है। यह मीडिया हैंडबुक चुनाव में मीडिया बंधुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

हेंडबुक का एक पत्रकारवार्ता में विमोचन किया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, नेशनल मीडिया के पैनलिस्ट डॉ. धनंजय गिरि, प्रदेश प्रवक्ता श्री बृजगोपाल लोया, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य श्री बृजराज सिंह, संगठन के जिला प्रभारी श्री अरूण चतुर्वेदी, जिला महामंत्री श्री विनय जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी श्री राजलखन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी श्री नवीन चौधरी, ग्रामीण मीडिया प्रभारी श्री जिनेंद्र सिंह किरार उपस्थित थे

इस संबंध में बात करने के लिए इंडिया टुडे एमपी ने भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से बात की, तो उनका कहना था ” कि हो सकता है टाईपिंग ऐरर हो गई, उसे सुधार लिया जाएगा। जहां तक मीडिया हेंडबुक की बात है तो ये एक मीडिया जगत की सहूलियत के लिए किया प्रयास है इसमें इस गलती को नजरअंदाज कर सकारात्मक दृष्टिकोण से देखना चाहिए। और वैसे भी इस त्रुटि के सामने आने के बाद हैंड बुक के डिजीटल वर्जन में इसमें सुधार कर दिया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *