ग्वालियर 23 जुलाई 2022/ हरिद्वार से काँवर लेकर लौट रहे ग्वालियर के युवकों की डम्पर से हुई टक्कर से 6 लोगों की मृत्यु हो गई एवं एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का उपचार ग्वालियर के बिरला हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इस दु:खद घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने प्रशासनिक अमले को बिरला अस्पताल एवं उनके गाँव भेजा। घटना में मृत हुए लोगों के परिजनों को 4 – 4 लाख रूपए की सहायता राशि दी जायेगी। साथ ही रेडक्रॉस समिति की ओर से 25 – 25 हजार रूपए की तत्काल सहायता राशि और 5 – 5 हजार रूपए की अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। जिला हाथरस प्रशासन द्वारा भी मृतकों के परिजनों को एक – एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
ग्वालियर जिले की ग्राम पंचायत बहांगीखुर्द, जनपद पंचायत मुरार के निवासी श्री विकास पुत्र श्री प्रभुदयाल शर्मा उम्र-25 वर्ष, नरेश पुत्र रामनाथ उम्र 45 वर्ष, रमेश पुत्र नाथूराम बघेल उम्र 43 वर्ष, मनोज पुत्र मोहन सिंह बघेल उम्र 38 वर्ष, रनबीर पुत्र अमरसिंह उम्र 35 वर्ष, जबरसिंह पुत्र सुल्तान सिंह उम्र 35 वर्ष की दुर्घटना में मृत्यु हुई है एवं अभिषेक पुत्र बकील सिंह निवासी निबुआपुरा आगरा हॉस्पिटल से लाकर ग्वालियर बिरला हॉस्पिटल में उपराररत हैं।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 4 – 4 लाख रूपए की सहायता संबल योजना में दी जायेगी। इसके साथ ही तीन लोगों के नाम संबल में न होने पर 4 – 4 लाख रूपए की सहायता राशि का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा गया है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के उपरांत सहायता राशि पीड़ित परिवार को प्रदान की जायेगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी ग्वालियर के माध्यम से 25 – 25 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। अंत्येष्टि सहायता के रूप में भी 5 – 5 हजार रूपए की राशि पीड़ित परिवार को प्रदान कर दी गई है।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इस दु:खद घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया है कि शासन और प्रशासन संकट की इस घड़ी में उनके साथ है। पीड़ित परिजनों को हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। कलेक्टर श्री सिंह पीड़ित परिजनों से मिलने उनके निवास पर पहुँचे और अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।