ग्वालियर। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आज ट्रांजिट विजिट पर ग्वालियर आगमन हुआ। राजनाथ सिंह प्रात: लगभग 10:15 बजे वायुसेना के विशेष विमान से वायुसेना के एयरबेस महाराजपुरा आये।
एयरबेस पर मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने रक्षा मंत्री की अगवानी की। भाजपा जिला अध्यक्ष शहर कमल माखीजानी व ग्रामीण कौशल शर्मा तथा भाजपा नेता जय सिंह कुशवाह, अभय चौधरी, महेन्द्र सिंह यादव , राकेश जादौन व दीपक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रक्षा मंत्री के स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंबल राजेश चावला, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस उप महा निरीक्षक राजेश हिंगणकर व पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सहित वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
महाराजपुरा एयरबेस पर जनप्रतिनिधियों से भेंट करने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हेलीकॉप्टर द्वारा झाँसी के लिए रवाना हुए। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह झांसी से दतिया पहुंचे। वहां उन्होंने प्रसिद्ध पीतांम्बरा पीठ पहुंचकर मां पीतांम्बरा की पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर में ही वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
दतिया में प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा , पूर्व मंत्री एवं मंदिर की न्यासी श्रीमती माया सिंह ने केंद्रीय रक्षा मंत्री की आगवानी की । वह उनके साथ पूरे समय रहे। रक्षा मंत्री के आगमन को देखते हुये पीतांम्बरा मंदिर पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यहां आज किसी भी आम दर्शनार्थी को रक्षा मंत्री के आगमन पर प्रवेश नहीं दिया गया था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता व दतिया जिले के प्रशासनिक अधिकारी मंदिर प्रागंण में मौजूद थे।